
पहले रास्ता रोककर की मारपीट फिर की रूपयों की उगाही
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। मवेशी ले जा रहे एक युवक को कथित तौर पर तस्कर बताकर उसका रास्ता रोकने मारपीट करने और 36 हजार रुपये की उगाही करने के मामले में साल्हेवारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों एवं चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल चार मोबाइल फोन तथा उगाही की राशि में से 27 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी सागर तुरकर (26) निवासी कोलियाटोला थाना मलाजखंड जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) ने 8 जून को थाना साल्हेवारा में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 7 जून को गंडई मवेशी बाजार से खेती किसानी के लिए पांच बैल खरीदकर अपने घर लौट रहा था। रात होने पर वह ग्राम गोपालटोला स्थित रिश्तेदार के यहां रुक गया है। अगले दिन सुबह करीब 4.30 बजे गोपालटोला और भाजीडोंगरी के बीच पुलिया के पास कुछ युवकों और नाबालिगों ने उसका रास्ता रोक लिया। बैलों के संबंध में पूछताछ के दौरान प्रार्थी ने खरीद संबंधी दस्तावेज भी दिखाए लेकिन आरोपियों ने उसे मवेशी तस्कर बताते हुए एक लाख रुपये की मांग की है। शिकायत के अनुसार रकम नहीं देने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ मुक्कों तथा डंडों से मारपीट की। इसके बाद युवक के फोनपे खाते से जबरन 30 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए तथा उसके रिश्तेदार से छह हजार रुपये मंगवाकर कुल 36 हजार रुपये की उगाही की गई। रिपोर्ट के आधार पर थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 19/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों में संजू कुमार केकती, दिनेश नेताम, रिवन नेताम, फलचंद मेहरा और लक्ष्मण यादव शामिल हैं। इसके अलावा चार अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है जबकि अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।