
जमीन पर खंभा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद, प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत की गई कार्रवाई
खैरागढ़। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से खैरागढ़ पुलिस द्वारा विवाद और अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आपसी विवाद के चलते शांति भंग करने पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:05 बजे वार्ड क्रमांक 16 दाऊचौरा खैरागढ़ में घर के पीछे की जमीन पर खंभा गाड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए गाली-गलौज एवं विवाद कर मारपीट पर आमद थे। समझाइश देने के बावजूद दोनों पक्ष शांत नहीं हुए। मौके पर पहुंची पुलिस की समझाइश का भी उन पर कोई असर नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चींटू उर्फ चींकू पिता नारद निषाद (23 वर्ष) एवं छबीलाल पिता जुमेलाल जोशी (25 वर्ष) दोनों निवासी दाऊचौरा थाना खैरागढ़ को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी राशि की प्रतिभूति से पाबंद किए जाने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
