
मुख्य बाजार और गार्डन क्षेत्र में गंदगी से नागरिक परेशान
छुईखदान। नगर में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बाजार लाइन क्षेत्र, गैस एजेंसी के आसपास और सब्जी मार्केट में जगह-जगह फैली गंदगी नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। सफाई व्यवस्था से परेशान नागरिकों का कहना है कि सब्जी बाजार में मुर्गा और मछली विक्रेता खुले में अवशेष फेंक देते हैं जिससे पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल जाती है। इससे बाजार आने-जाने वाले लोगों को असुविधा होती है और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी तरह नगर के गार्डन क्षेत्र के आसपास भी कचरे का अंबार लगा हुआ है। यहां से उठने वाली बदबू और बढ़ते मच्छरों के कारण स्थानीय लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जा रही है जिसके चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार लाइन, सब्जी मार्केट और गार्डन क्षेत्र में नियमित सफाई कराई जाए साथ ही कचरा फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

