

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। पीएम श्री स्व.लाल मुरत सिंह खुशरो शासकीय हिंदी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय गंडई में विश्व पर्यावरण दिवस पर विविध जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण, पोस्टर निर्माण, भाषण, निबंध लेखन एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, प्लास्टिक मुक्त जीवन और स्वच्छता जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर तैयार कर जागरूकता का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। विद्यालय में 1 जून से 15 जून तक संचालित समर कैंप भी विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित इस शिविर में लगभग 55 विद्यार्थी सहभागिता कर रहे हैं। समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), आर्ट एंड क्राफ्ट, हस्तलेखन, मेहंदी, रंगोली, योग, खेलकूद, नृत्य एवं गायन जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने के लिए एआई का प्रारंभिक ज्ञान भी प्रदान किया जा रहा है। योग एवं खेल गतिविधियों से स्वास्थ्य और अनुशासन को बढ़ावा मिल रहा है वहीं सांस्कृतिक एवं कलात्मक कार्यक्रमों से आत्मविश्वास और सृजनात्मक क्षमता का विकास हो रहा है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविर के दौरान प्रतिदिन पौष्टिक एवं संतुलित भोजन की व्यवस्था भी की गई है। इससे बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं सहभागिता में सकारात्मक वृद्धि देखी जा रही है। विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ददरया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण करने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।
