Advertisement
Uncategorized

खैरागढ़ में रामभक्त महाराज गुहा निषाद जयंती का हुआ भव्य आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। श्रीराम के अनन्य भक्त महाराज गुहा निषाद की जयंती श्रीराम मंदिर दाऊचौरा खैरागढ़ में गरिमामय वातावरण में श्रद्धा एवं सामाजिक चेतना के साथ मनाई गई। आयोजन में निषाद समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजिकजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खैरागढ़ राज परिवार की रानी एवं समाजसेविका श्रीमती विभा देवव्रत सिंह रही जबकि अध्यक्षता समाज के जिलाध्यक्ष फत्तेराम निषाद ने की। आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि रानी विभा सिंह द्वारा भगवान श्रीराम एवं माता सीता की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती विभा देवव्रत सिंह ने महाराज गुहा निषाद के त्याग, सेवा और श्रीराम भक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने निषाद समाज की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा निषाद समाज के लिए भवन निर्माण न होने की स्थिति में वे अपने निजी व्यय से निषाद समाज भवन निर्माण कराएंगी। उनकी इस घोषणा का समाजजनों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

अध्यक्षीय भाषण में जिला अध्यक्ष फत्तेराम निषाद ने महाराज गुहा निषाद को सामाजिक समरसता और समानता का प्रतीक बताया। उन्होंने समाज के संगठनात्मक सशक्तिकरण, शिक्षा एवं सामाजिक अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में खैरागढ़ अध्यक्ष एवं जिला कोषाध्यक्ष संत कुमार निषाद, जिला उपाध्यक्ष गैंदलाल निषाद, जिला महिला उपाध्यक्ष शारदा निषाद, खैरागढ़ महिला अध्यक्ष सीता निषाद, जिला सचिव शत्रुघन निषाद, कुम्ही सरपंच व समाज के सक्रिय नेता तामेश्वर निषाद, अकरजन की उपसरपंच संतोषी निषाद, मुहडबरी उपसरपंच मनोहर निषाद, छुईखदान समाज प्रमुख रमेश निषाद, खैरागढ़ सचिव संतोष निषाद सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महाराज गुहा निषाद के आदर्शों यथा भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। ज्ञात हो कि उक्त आयोजन ने जिला निषाद समाज की एकता, उनके आत्मसम्मान और सामाजिक चेतना को नई दिशा दी है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page