Advertisement
Uncategorized

16 से 27 फरवरी तक पंचायत स्तर पर लगेंगी कृषि चौपाल, किसानों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उनका लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 16 से 27 फरवरी तक सभी ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल आयोजित की जाएगी। यह आयोजन जिला प्रशासन के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा किया जा रहा है। कृषि चौपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही पात्र लेकिन अपंजीकृत किसानों का सत्यापन कर उनका नया पंजीयन कराया जाएगा। इस योजना के तहत योग्य कृषक परिवारों को कृषि कार्यों के लिए प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
उप संचालक कृषि राजकुमार सॉलकी ने बताया कि जिले के 64 हजार 664 किसान वर्तमान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं। चौपाल में किसानों को पंजीयन की स्थिति ई-केवायसी भूमि रिकॉर्ड अपडेट बैंक खाते में आधार लिंकिंग संदिग्ध पंजीयनों की जांच तथा एग्री-स्टैक के तहत फार्मर आईडी निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लघु एवं सीमांत किसानों को प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना से जोड़ने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। इस योजना में पंजीकृत किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद मासिक पेंशन सुविधा प्रदान की जाती है। पंजीयन की सुविधा ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। कृषि चौपाल में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत चना मसूर और सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी से संबंधित जानकारी भी किसानों को दी जाएगी तथा आवश्यक पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत में आयोजित चौपाल में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page