Uncategorized

वनांचल के गेरुखदान में बैगा जनजाति के लोगों का हुआ आधार पंजीयन

खैरागढ़। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र गेरुखदान में विशेष आधार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के बैगा समुदाय के ऐसे लोगों का आधार पंजीयन किया गया, जिनके आधार कार्ड अब तक नहीं बन पाए थे। इससे दूरस्थ वनांचल में रहने वाले जनजातीय परिवारों को अपने ही क्षेत्र में आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध हुईं। पीएम जनमन योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के साथ उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। इसी कड़ी में गेरुखदान में शिविर लगाकर आधार पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने के लिए दूरस्थ कार्यालयों तक जाने की परेशानी से राहत मिली।

आधार कार्ड विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जुड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज है। इसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों को राशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, छात्रवृत्ति सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है। आधार पंजीयन होने से बैगा समुदाय के लोगों को आवश्यक पहचान दस्तावेज प्राप्त करने और योजनाओं से जुड़ने में मदद मिलेगी। गेरुखदान में आयोजित यह शिविर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को आधार जैसी आवश्यक सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page