KCG

राजीव गांधी की जयंती पर खैरागढ़ में सद्भावना दौड़ का हुआ आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में खैरागढ़ में सद्भावना दौड़, विचारगोष्ठी और वृक्षारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7.30 बजे शीतला मंदिर, इतवारी बाजार से सद्भावना दौड़ के साथ हुई। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दौड़ के समापन के बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ और सिविल अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने आधुनिक और प्रगतिशील भारत की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी विकास, संचार क्रांति और युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य उनके विचारों और देश की एकता, अखंडता तथा भाईचारे के मूल्यों को आगे बढ़ाना है। युवा कांग्रेस नेता नदीम मेमन ने कहा कि सद्भावना दौड़ केवल एक खेल गतिविधि नहीं बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने का माध्यम है। दौड़ के विजेता के रूप में पुरुष वर्ग में युधिष्ठिर साहू भिलाई ने प्रथम, हकीश्वर साहू भिलाई ने द्वितीय तथा द्वारकाधीश वर्मा राजनांदगांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में भावना साहू डोलापहरी प्रथम, सरस्वती वर्मा बोरी द्वितीय तथा यामिनी नेताम उमरवाही तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम में खैरागढ़ के पूर्व विधायक व वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरवर जंघेल, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष देवराज किशोर दास, वरिष्ठ किसान नेता सुशीलकांत पांडे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, जिला सचिव रिंकू गुप्ता, भीखमचंद छाजेड़, आकाश दीप सिंह गोल्डी, जितेंद्र सिंह गौर, दीपक वैष्णव, चंदेश यदु, उत्तम जंघेल, रविंद्र शरदिया, सूर्यकांत यादव, रज्जाक खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ शहर अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज खैरागढ़, ब्लॉक ग्रामीण अध्यक्ष संदीप सिरमौर सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page