Uncategorized

एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची का हुआ अंतिम प्रकाशन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिले की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73-खैरागढ़ एवं 74-डोंगरगढ़ आंशिक से संबंधित मतदाता आंकड़ों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान नो-मौपिंग के 1831 प्रकरण चिन्हित किए गए थे जिनका नियमानुसार परीक्षण एवं निराकरण किया गया। सभी मामलों की दस्तावेजीय पुष्टि जिला स्तर पर की गई। इसके अतिरिक्त लॉजिकल एरर से जुड़े 73,428 प्रकरणों का भी आयोग की निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया गया। उल्लेखनीय है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2025 के आधार पर 6 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम सूची में जिले में कुल 2,99,810 मतदाता दर्ज थे। SIR प्रक्रिया के दौरान मृत स्थायी रूप से स्थानांतरित अथवा अनुपस्थित पाए गए 19,441 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक सूची में मतदाताओं की संख्या 2,80,369 रह गई थी। अब जारी अंतिम सूची के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 73-खैरागढ़ में 2,16,900 तथा 74 डोंगरगढ़ आंशिक में 70,210 मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 2,87,110 हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने स्पष्ट किया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी पात्र नागरिकों के लिए नाम जोड़ने विलोपन अथवा संशोधन की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी। कोई भी पात्र मतदाता निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर अपने मताधिकार को सुनिश्चित कर सकता है। प्रेस वार्ता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू, भाजपा से शशांक ताम्रकार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कोमल साहू, आम आदमी पार्टी से संतोष यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि निर्वाचन अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page