KCG

मिशन संडे की पहल पर पालिका प्रशासन ने तीन माह से बंद बोर को प्रारंभ कराया

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. भीषण गर्मी के बीच खैरागढ़ नगर में पेयजल संकट और गंदे पानी की आपूर्ति को लेकर नागरिकों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मिशन संडे की टीम ने नगर के वार्ड क्र.1 पिपरिया और वार्ड क्र.12 का दौरा कर वास्तविक हालात का जायजा लिया। मिशन संडे के संयोजक मनराखन देवांगन के नेतृत्व में टीम ने वार्डवासियों से संवाद कर पानी की समस्या को समझा। पिपरिया क्षेत्र में पिछले तीन माह से बोर मशीन खराब पड़ी थी जिससे क्षेत्रवासी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे थे। स्थानीय पार्षद और नागरिकों द्वारा नगर पालिका को कई बार शिकायतें दी गईं परंतु समाधान नहीं निकला। मिशन संडे की टीम को समस्या बताई गई जिस पर तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संयोजक श्री देवांगन ने नगर पालिका सीएमओ नरेश वर्मा से दूरभाष पर बात कर मशीन मरम्मत कराने की बात कर जनहित में सकारात्मक पहल की। इसके बाद नगर पालिका ने एक सप्ताह के भीतर पिपरिया के खराब बोर की सफाई कर नई मशीन स्थापित की नतीजतन अब पिपरिया के नागरिकों को जल संकट से राहत मिली है और वे नियमित पेयजल प्राप्त कर रहे हैं। जल समस्या के समाधान के लिए इस दौरान मनराखन देवांगन स्वयं आधी रात अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। संयोजक देवांगन ने कहा मिशन संडे जनता की आवाज़ है और पालिका तथा शासन-प्रशासन को आईना दिखाने का काम करता रहेगा।

मिशन संडे के सदस्यों ने कहा है कि पालिका समय पर कार्य करती है तो हम धन्यवाद भी देंगे लेकिन जनता की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वार्डवासियों ने मिशन संडे टीम का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जनहित में ऐसी सक्रियता आगे भी बनी रहेगी। मिशन संडे की इस पहल से नागरिकों में एक नई उम्मीद जगी है और वे अपने समस्याओं के समाधान और अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page