छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

मरदकठेरा में महिलाओं को मिला स्वरोजगार का प्रशिक्षण, 14 दिवसीय उद्यमिता कार्यक्रम संपन्न

सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले के गंडई क्षेत्र स्थित प्राथमिक शाला मरदकठेरा में महिलाओं के लिए आयोजित 14 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन गुरुवार को हुआ। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा राज्य शासन की रैंप (RAMP) योजना के तहत 1 मई से 14 मई 2026 तक चले इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा है । प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को छोटे व्यवसाय स्थापित करने से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। इसमें व्यवसाय योजना तैयार करना वित्तीय प्रबंधन, ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया, एमएसएमई योजनाओं का लाभ तथा स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं का उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक प्रणय बघेल ने प्रशिक्षण सत्र में महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि छोटे स्तर से शुरू किया गया व्यवसाय भी निरंतर प्रयास और सही मार्गदर्शन से सफल हो सकता है। उन्होंने उद्यम संचालन में आने वाली चुनौतियों बाजार की संभावनाओं और आत्मविश्वास की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की तथा प्रतिभागियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में 35 महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने साबुन बड़ी और पापड़ निर्माण जैसे घरेलू लघु उद्योगों के प्रति विशेष उत्साह दिखाया। फीडबैक सत्र में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को लाभकारी बताते हुए भविष्य में अधिक व्यावहारिक गतिविधियों को शामिल करने की आवश्यकता जताई। समापन अवसर पर आयोजक संस्था Choice Consultancy Services Pvt. Ltd. की ओर से सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में बीपीएम नरेश कोमरे, एसी फिरदौस खान एवं पीआरपी मालती साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page