
आत्महत्या के कारण को लेकर जांच में जुटी पुलिस
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के गातापार थाना क्षेत्र की लछना पंचायत के आश्रित ग्राम बोड़ला में एक वृद्ध द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम बोड़ला निवासी गोवर्धन गोंड़ (60 वर्ष) 13 जून की दोपहर भोजन करने के बाद घर से निकले थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन रविवार दोपहर ग्रामीणों ने नदी किनारे एक पेड़ पर उनका शव गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई है। सूचना मिलते ही गातापार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पूर्व गोवर्धन गोंड़ पर भालू ने हमला कर दिया था जिससे वे शारीरिक रूप से काफी अशक्त और प्रभावित हो गया था और घटना के बाद से उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। ग्रामीणों के अनुसार गोवर्धन मानसिक रूप से भी परेशान रहते थे। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


