
मोबाइल मेडिकल यूनिट से गांव में ही मिल रहा इलाज
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। दूरस्थ वन क्षेत्रों में रहने वाले बैगा आदिवासी परिवारों को अब इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत विकासखंड छुईखदान के पीएम-जनमन ग्राम संजारी में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को घर के नजदीक ही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल के तहत कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला, नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल तथा बृजेश ताम्रकार के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगाया। शिविर में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया तथा जिन मरीजों को विशेष उपचार की आवश्यकता थी उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज कराने की सलाह दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ही स्वास्थ्य सुविधा मिलने से अस्पतालों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है, साथ ही समय पर उपचार मिलने से लोगों का स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसा भी बढ़ा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अनुसार पीएम-जनमन योजना के तहत बैगा बाहुल्य एवं अन्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट का नियमित संचालन जारी रहेगा। इसका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर उनके स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाना है।
