KCG

पक्की सड़क की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने जताया जिपं उपाध्यक्ष का आभार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सुगम आवागमन की दिशा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने खैरागढ़ ब्लॉक अंतर्गत धनेली, देवारीभाठ, भरदाकला व्हाया बढ़ईटोला तक 10 किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण के लिए 17 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। लंबे समय से की जा रही इस बहुप्रतीक्षित मांग के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

सड़क निर्माण की मंजूरी मिलने की खुशी में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण जिला पंचायत पहुंचे। ग्रामीणों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिल से आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। ग्रामीणों ने चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा सरकार ने उनकी सबसे पुरानी मांग को पूरा करके यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार सदैव तत्परता के साथ काम कर रही है। उन्होंने विक्रांत सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए लंबे समय से प्रयासरत हैं और हर सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं।

ग्रामीणों की बातें सुनकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और निर्माण कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कराई जाएगी, ताकि धरातल पर जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके। आभार प्रकट कार्यक्रम के दौरान अरविंद वर्मा, जागेश्वर वर्मा, रामकुमार वर्मा, सूर्यदमन सिंह, तारन वर्मा, दीपक वर्मा, प्यारी वर्मा, नरेश वर्मा, गणेश वर्मा, भगत साहू, सुखचैन वर्मा, चमरू वर्मा, चन्द्रिका साहू, विनोद साहू, पीताम्बर वर्मा, घसिया वर्मा, शेखर कुर्रे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page