विवादों के बीच क्या हो पाएगा स्वर्गीय देवव्रत सिंह की प्रतिमा का अनावरण!

पूर्व मुख्यमंत्री व लोस प्रत्याशी भूपेश बघेल समारोहपूर्वक करेंगे प्रतिमा का अनावरण
स्व.देवव्रत सिंह के पुत्र राजा आर्यव्रत सिंह होंगे अनावरण कार्यक्रम में शामिल
अनावरण रोकने रानी विभा सिंह ने एसडीएम और सीएम को पत्र लिख जताई आपत्ति
सीएमओ ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र जारी कर अनावरण रोकने दी हिदायत
विभा सिंह को छोड़ स्व. सिंह के परिजनों ने कहा अनावरण करने हमारी पूरी सहमति
मूर्ति अनावरण विवाद से भाजपा ने बनाई दूरी, कहा मूर्ति का अनावरण प्रशासनिक मामला
सत्यमेव न्यूज/खैरागढ़. खैरागढ़ के सिविल लाइन चौक में नवनिर्मित स्वर्गीय राजा देवव्रत सिंह की आदमकद मूर्ति का अनावरण व उद्यान का लोकार्पण विवादों में घिर गया है. प्रतिमा के अनावरण को लेकर स्व.देवव्रत सिंह का परिवार दो खेमों में बंट गया है. अनावरण रोकने स्व.सिंह की पत्नी रानी विभा सिंह ने आपत्ति दर्ज की है वहीं स्व.देवव्रत सिंह के बच्चों सहित अन्य परिजनों ने प्रतिमा अनावरण को लेकर अपनी पूरी सहमति दी है. इस बीच खैरागढ़ पालिका प्रशासन ने भी अनावरण को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है, ऐसे में अब सवाल खड़ा हो गया है कि विवादों के बीच क्या गुरुवार को तय कार्यक्रम के मुताबिक स्व.देवव्रत सिंह की प्रतिमा का अनावरण हो पाएगा कि नहीं!
भूपेश बघेल करेंगे प्रतिमा का समारोहपूर्वक अनावरण- विधायक
स्व.सिंह की प्रतिमा अनावरण को लेकर खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा सहित कांग्रेस संगठन ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री व लोकसभा प्रत्याशी भूपेश बघेल तय कार्यक्रम के मुताबिक समारोहपूर्वक स्व.देवव्रत सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. प्रतिमा के अनावरण को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा सहित कांग्रेस के सभी पार्षदों की सहमति भी है.
राजा आर्यव्रत सिंह होंगे अनावरण कार्यक्रम में शामिल
स्व.सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह में गुरुवार को भूपेश बघेल के साथ स्व.देवव्रत सिंह के पुत्र राजा आर्यव्रत सिंह समारोह में शामिल होंगे. आर्यव्रत ने नवभारत से हुई चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री रहते श्री भूपेश बघेल ने मेरे पिता की मूर्ति स्थापना की घोषणा की, उन्हें पूरा सम्मान दिया गया. अगर श्री बघेल के द्वारा मेरे पिता की मूर्ति का अनावरण किया जा रहा है तो इसमें आपत्ति क्यों हो रही हैं. खैरागढ़ की जनता भी चाहती है कि उनकी प्रतिमा का अनावरण जल्द हो. मेरा पूरा परिवार पापा की प्रतिमा अनावरण के लिए सहमत है.
सीएम और एसडीएम को पत्र लिखकर विभा ने प्रतिमा अनावरण रोकने की अपील
इधर दूसरी ओर स्व.सिंह की पत्नी रानी विभा सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और खैरागढ़ एसडीएम को पत्र लिखकर प्रतिमा के अनावरण को रोकने की अपील की है. विभा ने आरोप लगाया है कि उनके पति स्व.देवव्रत सिंह जोगी कांग्रेस में शामिल हो विधायक बने, उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन नहीं की थी. मूर्ति अनावरण का अधिकार मौजूदा सरकार को है. कांग्रेस लोकसभा चुनाव में राजनीतिक लाभ उठाने की नीयत से मूर्ति का अनावरण करना चाह रही है जिसे रोका जाना चाहिए.
सीएमओ ने कहा ठेकेदार ने हैंडओवर नहीं किया निर्माण अधूरा, अनावरण नहीं हो सकता
इधर नगर पालिका के सीएमओ प्रमोद शुक्ला ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे को पत्र लिखकर कहा है कि स्व.देवव्रत सिंह की प्रतिमा का काम अभी अधूरा हैं और ठेकेदार के द्वारा हैंडओवर नहीं किया गया है वहीं अनावरण को लेकर स्व.देवव्रत सिंह के परिवार से परामर्श लेकर पिक और परिषद की बैठक में निर्णय तथा कलेक्टर के अनुमोदन उपरांत ही अनावरण किया जाएगा.
भाजपा ने मूर्ति अनावरण विवाद से बनाई दूरी, कहा यह प्रशासनिक मामला

मूर्ति अनावरण को लेकर उपजे विवाद के बीच भाजपा ने कहा है कि यह पालिका का प्रशासनिक मामला है, इस विवाद से भारतीय जनता पार्टी का कोई लेना देना नहीं हैं. मामले को लेकर जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू ने नवभारत से कहा कि स्व.देवव्रत सिंह खैरागढ़ के सम्मानित व सर्वमान्य नेता रहे हैं उनकी प्रतिमा का अनावरण जिला प्रशासन व पालिका प्रशासन का मसला हैं, इस विवाद से भारतीय जनता पार्टी का कोई लेना देना नहीं है.