
गांव के प्रतिष्ठित ठाकुर परिवार से की भेंट, पूछा सबका कुशलक्षेम
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय से लगे ग्राम चिखलदाह पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उत्तम सिंह ठाकुर के निज निवास पहुंचकर स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद किया। ग्राम चिखलदाह पहुंचने पर ठाकुर परिवार एवं ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री बघेल का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रवास के दौरान श्री बघेल ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर ग्रामीणों से चर्चा की तथा विशेष रूप से किसानों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने खेती-किसानी, ग्रामीण व्यवस्थाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी ली। इस अवसर पर डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उत्तम सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को आत्मीय एवं प्रेरणादायी बताते हुए क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। कांग्रेस नेता उत्तम सिंह ठाकुर ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार में किसानों का हाल किसी से छिपा नहीं है और इस बीच श्री बघेल लगातार गांव-गांव पहुंचकर आमजन और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास कर रहे है।
