KCG

पांडुका में 202 बोरी नकली डीएपी खाद जब्त, कृषि विभाग ने की कार्रवाई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन के दौरान नकली खाद अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम पांडुका में छापेमारी कर 202 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद जब्त की गई है। मामले को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पांडुका निवासी राजेश वर्मा के गोदाम में महाराष्ट्र निर्मित 202 बोरी खाद रखी मिली जिस पर डीएपी अंकित था। विभाग को सूचना मिली थी कि यह खाद किसानों को 1900 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से बेची जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। जांच के दौरान राजेश वर्मा ने खाद का स्वामित्व मनोज वर्मा का होना बताया लेकिन खाद की खरीदी परिवहन और भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने पर कृषि विभाग ने पूरा स्टॉक जब्त कर लिया और प्रकरण न्यायालय में पेश कर दिया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देश तथा उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में जिले में उर्वरक बीज एवं कीटनाशकों की बिक्री और भंडारण की नियमित जांच की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कृषि विभाग ने किसानों से केवल अधिकृत एवं पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदने पक्का बिल लेने तथा कालाबाजारी अवैध भंडारण या नकली उर्वरकों की जानकारी तत्काल विभाग को देने की अपील की है। कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी लखेश्वर तिवारी, देवेंद्र वर्मा और अश्विन पटौती मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page