
बैताल रानी घाट में देवगुड़ी का लोकार्पण

प्रशासन ने सुविधाओं के विकास का दिया आश्वासन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों में शामिल बैताल रानी घाट को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बैताल रानी घाटी में मंदिर समिति एवं ग्राम पंचायत कुम्हरवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में देवगुड़ी लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल सहित जिले के जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधिवत पूजा अर्चना के साथ देवगुड़ी की स्थापना की गई जिसके बाद श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि बैताल रानी मंदिर एवं घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आगामी समय में शौचालय पेयजल व्यवस्था बैठने की सुविधा मार्ग सुधार सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने आगे कहा कि बैताल रानी क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ साथ प्राकृतिक सौंदर्य से भी समृद्ध है। इसे सुनियोजित तरीके से विकसित कर जिले के एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए चरणबद्ध रूप से विकास कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, जनपद पंचायत छुईखदान की सीईओ केश्वरी देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने बैताल रानी मंदिर एवं घाट क्षेत्र के समग्र विकास में सहयोग का आश्वासन दिया और इसे धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रशासन के प्रति आभार जताया।