
मानवीय पक्ष पर पुलिस की सार्थक करवाई
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। केसीजी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन तलाश के तहत थाना छुईखदान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। वहीं गुमशुदा महिला को भी तलाश कर परिवार से मिलाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुलीकशा निवासी एक व्यक्ति ने थाना छुईखदान पहुंचकर अपने नाबालिग पुत्र के घर से बिना बताए कहीं चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की। तकनीकी सहायता और लगातार खोजबीन के बाद बालक को थाना सोमनी क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया गया।

पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपने दादा की डांट से नाराज होकर काम की तलाश में घर छोड़कर चला गया था। बालक के मिलते ही परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। इसी क्रम में ऑपरेशन तलाश के तहत नवागांव क्षेत्र की गुमशुदा महिला को भी बरामद कर सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया। थाना छुईखदान पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन तलाश के अंतर्गत अब तक कुल 14 गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाया जा चुका है। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

