KCG

नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश, कलेक्टर कार्यालय में हुई बैठक

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन परिवहन और कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नारकोटिक्स समन्वय (एन-कॉर्ड) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की है। बैठक में कलेक्टर ने कृषि एवं राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि गांजा तंबाकू सहित अन्य मादक फसलों की संभावित खेती वाले क्षेत्रों की नियमित जांच की जाए तथा किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग संयुक्त रूप से तत्काल कार्रवाई करें। कलेक्टर ने जिले के सभी मेडिकल स्टोरों के नियमित निरीक्षण पर विशेष जोर देते हुए लाइसेंस दवा भंडारण व्यवस्था तथा नारकोटिक औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेखों की गहन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में कुरियर सेवा संचालकों की बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। उन्हें मादक पदार्थों की अवैध ढुलाई रोकने के लिए सतर्क रहने तथा संदिग्ध पार्सलों की जानकारी तत्काल संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने नारकोटिक दवाओं का भंडारण एवं विक्रय करने वाले मेडिकल संचालकों को प्रत्येक माह क्रय-विक्रय स्टॉक और उपयोग से संबंधित अभिलेख खाद्य एवं औषधि विभाग में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और प्रभावी निगरानी जारी रखी जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page