KCG

नवनियुक्त प्रभारी सहायक संचालक मनोहर चंदेल का हुआ अभिनंदन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं संस्कृत भारती की जिला इकाई के प्रतिनिधियों ने जिले के नवनियुक्त प्रभारी सहायक संचालक मनोहर चंदेल से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया है। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ शाल और श्रीफल भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। भेंटवार्ता के दौरान मनोहर चंदेल ने संस्कृत भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संस्कृत को जन-जन की भाषा बनाने के लिए दैनिक जीवन में इसके प्रयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने जिले के संस्कृत शिक्षकों के लिए नियमित रूप से संस्कृत संभाषण प्रशिक्षण कक्षाएं संचालित करने का सुझाव भी दिया है। संघ और संस्कृत भारती के प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नवीन प्रयोगों रचनात्मक गतिविधियों और नवाचारों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा को सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उनके प्रयास प्रेरणादायी रहे हैं। मनोहर चंदेल पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपने अभिनव कार्यों के लिए भी पहचाने जाते हैं। मंदिर परिसरों में प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने की मुहिम से लेकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में पुष्पगुच्छ के स्थान पर पौधे भेंट करने की परंपरा को प्रोत्साहित करने तक उन्होंने पर्यावरण जागरूकता को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि पौधों को उपहार स्वरूप देने से हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचता है। कार्यक्रम में नगर संघचालक मोतीलाल यादव, खंड सेवा प्रमुख ईश्वर निषाद, नगर सामाजिक सद्भाव प्रमुख निक्कू श्रीवास, जिला समन्वयक राम यादव, विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री सुभाष सिंह राजपूत सहित संस्कृत भारती के पदाधिकारी एवं सदस्य महेंद्र वर्मा, अनुराग मालवीय, संगीता जोशी, सपना नायक, विशाल ठाकुर और रामबली पाण्डेय उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page