KCG

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कामकाज की ली समीक्षा, लंबित प्रकरण के जल्द निपटान के निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विभिन्न विभागों की योजनाओं जनशिकायतों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। पुराने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने पर भी उन्होंने जोर दिया है। बैठक में सेवा सेतु पोर्टल पर लंबित आवेदनों की तहसीलवार स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से आवेदनों के लंबित रहने के कारणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं के लिए नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसके लिए आवेदन से लेकर निराकरण तक की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों को निराकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का महज औपचारिक निराकरण करने के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान किया जाना चाहिए। अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए भी कहा गया है।

बैठक में नियद नेल्लानार योजना और एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की प्रगति भी जांची गई। कलेक्टर ने पात्र किसानों का पंजीयन प्राथमिकता से पूरा कराने तथा पोर्टल पर आवश्यक जानकारी समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न लंबित प्रकरणों की स्थिति जानी गई। कलेक्टर ने पुराने मामलों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।

अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन विभागों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिली वहां कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय पर पूरा किया जाए। बैठक में 14 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। हर घर तिरंगा अभियान के साथ भारत विभाजन की विभीषिका और वंदे मातरम् से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने स्कूलों और कॉलेजों में भी कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता देशभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ने के निर्देश दिए।

ई-ऑफिस व्यवस्था की समीक्षा में कलेक्टर ने उन विभागों की जानकारी ली, जिनकी आईडी और ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरा कर ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और तेजी आएगी। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं, जनशिकायतों, समय-सीमा के प्रकरणों और विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का समय पर लाभ दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तहसीलदार जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page