
वायरल वीडियो के बाद जांच की मांग तेज
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के विचारपुर धान खरीदी केंद्र से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद एक किसान परिवार ने कलेक्टर और सहकारिता विभाग से शिकायत कर धान खरीदी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के मुताबिक शिकारीटोला निवासी देविका सिन्हा का परिवार 270 बोरा धान लेकर विचारपुर खरीदी केंद्र पहुंचा था। आरोप है कि धान की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए केंद्र प्रबंधन ने खरीदी से मना कर दिया और धान वापस ले जाने की बात कही। इससे किसान परिवार परेशानी में आ गया क्योंकि परिवहन और अन्य खर्च के बाद धान लौटाना आर्थिक रूप से भारी पड़ सकता था। शिकायतकर्ता तुलेश सिन्हा ने आरोप लगाया है कि धान खरीदी कराने के बदले पैसों की मांग की गई। उनका कहना है कि बातचीत के दौरान 10 से 15 हजार रुपए तक मांगे गए थे। उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान मोबाइल फोन से कथित बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड किया गया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि धान खरीदी प्रभावित न हो इसलिए 300 रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और 150 रुपए नकद दिए गए। मामला सामने आने के बाद किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि किसान पहले ही बढ़ती लागत कर्ज और मौसम की मार से परेशान हैं ऐसे में खरीदी केंद्रों में गुणवत्ता जांच के नाम पर दबाव बनाना और पैसों की मांग जैसी शिकायतें चिंता का विषय हैं। वहीं विचारपुर धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक गंगाराम साहू ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि मामले की विभागीय जांच हो चुकी है और शिकायत करने वाला व्यक्ति वास्तविक किसान नहीं बल्कि तीसरा पक्ष है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच के दौरान कोई वीडियो प्रस्तुत नहीं किया गया और किसानों ने भी पैसे देने की बात स्वीकार नहीं की। फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत के बाद मामला प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में है। अब लोगों की नजर प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।