Uncategorized

साल्हेवारा सरकारी अस्पताल को मिली नई एम्बुलेंस सुविधा की सौगात

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साल्हेवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को बहुप्रतीक्षित एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध हो गई है। नई एम्बुलेंस मिलने से वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अब समय पर अस्पताल पहुँचाने में सुविधा होगी। क्षेत्र में लंबे समय से महसूस की जा रही इस आवश्यकता के पूरी होने से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है। बताया गया कि साल्हेवारा क्षेत्र के रहवासियों द्वारा लगातार एम्बुलेंस की मांग की जा रही थी जिसके बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू के प्रयासों से यह मांग पूरी हुई। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा एम्बुलेंस स्वीकृत की गई। नई एम्बुलेंस को जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष बिशेसर साहू तथा भाजपा महामंत्री नवनीत जैन और शशांक ताम्रकार की उपस्थिति में विधिवत पूजा अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर साल्हेवारा के लिए रवाना किया गया। गौरतलब है कि एम्बुलेंस की कमी के कारण गंभीर मरीजों को खैरागढ़ एवं अन्य बड़े अस्पतालों तक पहुँचाने में परेशानी होती थी। अब आपातकालीन स्थिति में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। एम्बुलेंस सुविधा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page