KCG

थाना दिवस में दिखी जनभागीदारी, पुलिस ने सुनी समस्याएं

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा मई माह के प्रथम थाना दिवस का आयोजन जिले के सभी थाना एवं चौकियों में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, ग्राम प्रमुखों, कोटवारों, पत्रकारों तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं और कार्यालयों के अधिकारियों कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। थाना दिवस के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति से लोगों में भरोसा और संतोष का माहौल देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक ने गातापार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा साइबर अपराध नए आपराधिक कानून महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही चक्षु पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी गई। थाना दिवस के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम ने थाना खैरागढ़ एवं ठेलकाडीह उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय प्रदीप येरेवार ने साल्हेवारा एवं बकरकट्टा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशारानी ने छुईखदान एवं चौकी जालबांधा तथा उप पुलिस अधीक्षक रमेश चंद्रा ने गंडई एवं मोहगांव थाना क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं।कार्यक्रम में शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, गांजा और नशीले पदार्थों के उपयोग, शराब पीकर वाहन चलाने, साइबर अपराध, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, स्कूल-कॉलेजों के बाहर धूम्रपान तथा आवारा मवेशियों के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशाखोरी असामाजिक गतिविधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। थाना दिवस का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संवाद मजबूत करना समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा जागरूकता बढ़ाना है। यह आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय गुरुवार को जिले के सभी थानों में आयोजित किया जाएगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page