KCG

डीजे मोहनी कंवर ने स्कूली विद्यार्थियों को दी कानूनी जानकारी

खैरागढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के अध्यक्ष विजय कुमार होता के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति खैरागढ़ द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के तहत डॉ.पपु बख्शी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर ने की। इस अवसर पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आकांक्षा खलखो, प्राचार्य अनुराग सिंह, पैरालीगल वालंटियर गोलू दास साहू सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीजे मोहनी कंवर ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, लोक अदालत, मध्यस्थता, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, मोटरयान अधिनियम एवं अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के संबंध में बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के साथ यौन संबंध के मामलों में उनकी सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी के अभाव में युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है, इसलिए स्कूलों और कॉलेजों में कानूनी जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करना बेहद जरूरी है। न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा खलखो ने बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि देश में विवाह की न्यूनतम आयु लड़कियों के लिए 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह करना या करवाना कानूनी अपराध है। उन्होंने मोटरयान अधिनियम के तहत यातायात नियमों का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने तथा वाहन का बीमा कराने की आवश्यकता बताई। साथ ही तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। पैरालीगल वालंटियर गोलू दास साहू ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी गोलू दास साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य अनुराग सिंह ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page