KCG

जीव दया अभियान में सेवा और संवेदना की मिसाल बनी श्रीराम गौसेवा समिति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भीषण गर्मी के बीच जहां इंसान तपिश से बेहाल हैं वहीं सड़कों पर भटक रहे बेजुबान मवेशियों के सामने चारा और पानी का संकट गहराता जा रहा है। ऐसे कठिन समय में जिला मुख्यालय खैरागढ़ में संचालित श्रीराम गौसेवा समिति ने सेवा करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। समिति के युवा सदस्य शहर के चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर नि:शुल्क कोटना रखकर मवेशियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। समिति द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान पिछले तीन वर्षों से लगातार जारी है। समिति से जुड़े युवा स्वयंसेवक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर कोटना स्थापित कर रहे हैं तथा उनमें नियमित रूप से पानी और चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। गर्मी में राहत पहुंचाने की यह पहल आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और समाज में सकारात्मक संदेश दे रही है। ज्ञात हो कि समिति केवल चारा-पानी तक सीमित नहीं है बल्कि घायल और बीमार मवेशियों की सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। समिति द्वारा संचालित एम्बुलेंस के माध्यम से सड़क दुर्घटना या बीमारी से पीड़ित मवेशियों का मौके पर पहुंचकर उपचार कराया जाता है। मानवीय संवेदनाओं से जुड़े इन कार्यों से प्रभावित होकर अब शहर की कई सामाजिक संस्थाएं और समाजसेवी भी इस अभियान से जुड़ने लगे हैं। समिति के सदस्य शिवम ताम्रकार ने बताया कि इस वर्ष गर्मी की शुरुआत से अब तक शहर के 50 से अधिक स्थानों पर कोटना रखे जा चुके हैं तथा 100 कोटना लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी शहर के विभिन्न इलाकों में 200 से अधिक कोटना रखकर मवेशियों के लिए चारा और पानी की व्यवस्था की गई थी। श्रीराम गौसेवा समिति वर्षभर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहती है। कोविड लॉकडाउन के दौरान समिति ने जरूरतमंद परिवारों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया था। इसके अलावा कोरोना प्रभावित परिवारों की सहायता, घायल पशुओं की देखभाल और निराश्रित मवेशियों की सेवा जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं। समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि गर्मी के दिनों में अपने आसपास बेजुबान पशुओं के लिए पानी और चारे की व्यवस्था अवश्य करें ताकि उन्हें राहत मिल सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page