
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का स्टॉक सामान्य स्थिति में है और आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खाद्य विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से पेट्रोल पंप संचालकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रमुख पेट्रोल पंप संचालकों से वर्तमान स्टॉक एवं आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली गई। बैठक में बताया गया कि जिले में HPCL के 15, IOCL के 6 तथा BPCL के 12 पेट्रोल पंप संचालित हैं। वर्तमान में जिले में एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल 9,100 लीटर, पेट्रोल 1,50,996 लीटर तथा डीजल 1,26,959 लीटर उपलब्ध है। पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैली भ्रामक सूचनाओं के कारण कुछ पंपों पर डीजल की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में अधिक हुई है। इसके चलते जिले के 9 पेट्रोल पंपों में डीजल का स्टॉक अपेक्षाकृत कम हुआ है। हालांकि संबंधित संचालकों द्वारा तेल कंपनियों को अतिरिक्त आपूर्ति के लिए डिमांड भेज दी गई है और जल्द ही आवश्यक आपूर्ति प्राप्त होने की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। साथ ही वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं वाहनों में हवा का उचित दबाव बनाए रखने की सलाह भी दी गई है ताकि ईंधन की बचत हो सके। बैठक में BPCL, IOCL और HPCL के सेल्स अधिकारियों से संपर्क कर जिले में ईंधन की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 9479247401 जारी किया है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भीड़ की स्थिति में तत्काल सूचना दी जा सके।
