Uncategorized

जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन 31, नौ विधाओं में युवा दिखाएंगे प्रतिभा

खैरागढ़। केसीजी जिले में युवाओं की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 शनिवार को राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय कैंपस-2 खैरागढ़ में किया जाएगा। मुख्य समारोह प्रातः 10:30 बजे प्रारंभ होगा। आयोजन कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में संपन्न होगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा निलाम्बर वर्मा करेंगी। डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी शैलेन्द्र त्रिपाठी, जनपद पंचायत छुईखदान अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा प्रकाश वर्मा, नगर पालिका परिषद खैरागढ़ अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो, नगर पंचायत गंडई अध्यक्ष श्रीमती नम्रता किशोर दास वैष्णव सहित विभिन्न नगरीय निकायों एवं पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला (पेंटिंग), कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा एवं रॉकबैंड सहित कुल नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।लोकनृत्य एवं लोकगीत में प्रतिभागी छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की प्रस्तुति देंगे। चित्रकला एवं कविता लेखन में युवा अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन करेंगे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया जाएगा वहीं क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज एवं विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के जरिए युवाओं को नवाचार और मौलिक विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। लोकनृत्य एवं लोकगीत के प्रत्येक दल में अधिकतम सात प्रतिभागी और तीन संगतकार शामिल हो सकेंगे। नुक्कड़ नाटक एवं रॉकबैंड में अधिकतम 10 सदस्य प्रति दल निर्धारित हैं। अन्य विधाओं में निर्धारित संख्या एवं नियमों के अनुसार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।लोकनृत्य एवं लोकगीत की प्रस्तुति के लिए पांच से आठ मिनट तथा नुक्कड़ नाटक के लिए सात मिनट का समय निर्धारित किया गया है। नुक्कड़ नाटक में मंच व्यवस्था के लिए अतिरिक्त तीन मिनट दिए जाएंगे। चित्रकला प्रतियोगिता के लिए अधिकतम छह घंटे, कविता लेखन के लिए 90 मिनट तथा क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज के लिए अधिकतम 60 सेकंड की समय-सीमा निर्धारित है। रॉकबैंड की प्रस्तुति अधिकतम 20 मिनट की होगी। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। युवा उत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page