Uncategorized

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष के गांव के किसानों को अब तक नहीं मिली रबी फसल बीमा की राशि, विरोध लेकर पहुंचे कलेक्ट्रेट

खैरागढ़। ग्राम पंचायत कुलीकसा के सैकड़ों किसानों ने रबी फसल बीमा की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत करते हुए सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने खराब हुई चना फसल के एवज में बीमा राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विप्लव साहू और सरपंच धनुष वर्मा के नेतृत्व में कलेक्टर को अपनी समस्या से अवगत कराया।किसानों के अनुसार रबी सीजन के दौरान कुलीकसा गांव में करीब 95 प्रतिशत किसानों की चना फसल खराब हो गई थी। किसानों का कहना है कि उन्होंने नियमानुसार अपनी फसल का बीमा कराया था लेकिन फसल खराब होने के बावजूद अब तक बीमा राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इससे किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने बताया कि कुलीकसा के आसपास स्थित अमलीडीह कला, भुलाटोला, कटंगीकला और टेकापार कला सहित अन्य गांवों के किसानों को रबी फसल बीमा की राशि प्राप्त हो चुकी है वहीं कुलीकसा के किसान अब भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि वे बीमा राशि के लिए पात्र हैं तो उन्हें भुगतान में देरी का कारण स्पष्ट किया जाए और जल्द से जल्द राशि उपलब्ध कराई जाए।

मामले में यह बात भी सामने आई कि भाजपा नेता एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल का पैतृक गांव कुलीकसा बताया जाता है। किसानों और उनके प्रतिनिधियों ने इसी संदर्भ में सवाल उठाते हुए कहा कि जब आसपास के गांवों में बीमा राशि का भुगतान हो चुका है तो कुलीकसा के किसानों को अब तक राशि क्यों नहीं मिली। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कर शीघ्र निराकरण की मांग की।

किसानों की शिकायत पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए दो दिन का समय मांगा है। किसानों को उम्मीद है कि जांच के बाद बीमा राशि के भुगतान में आ रही समस्या का समाधान किया जाएगा वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर ने कहा कि यदि जल्द ही पात्र किसानों को फसल बीमा की राशि नहीं मिली तो किसानों के साथ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या का समयबद्ध निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page