

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अपराध अनुसंधान को अधिक आधुनिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में केसीजी पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त 63 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) जिले के थाना-चौकी प्रभारियों और विवेचकों को वितरित किए गए। इन उपकरणों के उपयोग से अब पुलिस अधिकारी घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित अपलोड करने केस डायरी अपडेट करने और ऑनलाइन रिकॉर्ड का तत्काल अवलोकन कर सकेंगे। एमडीटी विशेष रूप से पुलिस कार्यों के लिए विकसित सुरक्षित डिजिटल डिवाइस हैं। इनमें विभागीय एप्लिकेशन सुरक्षित नेटवर्क और विवेचना से जुड़े आवश्यक डिजिटल टूल उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से फोटो वीडियो दस्तावेज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण मौके पर ही किया जा सकेगा जिससे जांच प्रक्रिया तेज होने के साथ साक्ष्यों की विश्वसनीयता भी बनी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से विवेचकों को फील्ड में रहते हुए ही वरिष्ठ अधिकारियों को रियल-टाइम जानकारी भेजने की सुविधा मिलेगी। इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार आएगा विवेचना अधिक वैज्ञानिक होगी और मामलों का शीघ्र निराकरण संभव हो सकेगा। वितरण कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक आईपीएस लक्ष्य विनोद शर्मा की विशेष मौजूदगी में विवेचकों को मोबाइल डेटा टर्मिनल का प्रभावी उपयोग करने डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संरक्षण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक प्रकरण की गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विवेचना करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जिले के राजपत्रित अधिकारी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचक उपस्थित रहे।
