Uncategorized

सिविल लाईन-खम्हरिया में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ श्रीमद् भागवत कथा महापुराण ज्ञान यज्ञ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर के सिविल लाईन-खम्हरिया वार्ड में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास के वातावरण में विधिवत रूप से संपन्न हो गया। वार्ड निवासी धर्मप्रेमी एवं समाजसेवी महेश तिवारी के संयोजन में चले इस भव्य आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। कथा सप्ताह के दौरान पंचवेदी पूजन, कलश यात्रा से लेकर विभिन्न पौराणिक प्रसंगों, गौकर्ण महात्म्य, शुकदेव व परीक्षित जन्म, अजामिल व प्रह्लाद चरित्र, नरसिंह अवतार, गोकुल वृंदावन व द्वारका लीला, श्रीकृष्ण जन्म, सुदामा चरित्र, गीतासार सहित अनेक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। भागवताचार्य पं.विजयकृष्ण तिवारी खैरागढ़ ने अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से कथा को जीवंत रूप प्रदान किया वहीं उपाचार्य के रूप में कुणाल मिश्रा उदयपुर की उपस्थिति रही। परीक्षित के रूप में महेश तिवारी एवं श्रीमती कल्पना तिवारी ने विधिवत सहभागिता निभाई जहां नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अंतिम दिवस गीतासार, तुलसी वर्षा, कपिला तर्पण एवं यज्ञ पूर्णाहुति के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के समापन अवसर पर महाप्रसादी एवं विशाल भोज भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page