
योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और नक्सल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क विस्तार पर जोर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर आयोजित समय सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी योजनाएं गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों।
बैठक में मुख्यमंत्री के हालिया जिले प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित प्रस्तावों को शीघ्र तैयार कर उच्च कार्यालय भेजने के निर्देश दिए ताकि घोषणाओं पर तेजी से अमल हो सके। सुशासन तिहार-2026 की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का जिम्मेदारीपूर्वक समाधान किया जाए और किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जनगणना कार्य की समीक्षा के दौरान मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रगणक निर्धारित समय-सीमा में घर-घर पहुंचकर सही जानकारी संकलित करें तथा आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखें। उन्होंने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड निरीक्षण पर विशेष जोर दिया। बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क विस्तार और मोबाइल टावर स्थापना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नियद नेल्लानार 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा समग्र शिक्षा अभियान, आयुष्मान कार्ड, “कैच द रेन” अभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित निर्माण कार्यों और राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।