
नए विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत और मेधावी छात्रों का सम्मान

पात्र छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नये शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुईखदान में गुरुवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत नामांकन का संदेश दिया गया है। कार्यक्रम में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव समग्र शिक्षा के नोडल अधिकारी आत्माराम साहू सहित जनप्रतिनिधि शिक्षा विभाग के अधिकारी शिक्षक पालक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया है।अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन अनुशासन और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शिक्षा खेलकूद सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और सम्मान सामग्री देकर सम्मानित किया गया।

वहीं शासन की योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने से छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया है।अधिकारियों ने बताया कि यह पहल छात्राओं की विद्यालय तक सहज पहुंच और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहायक होगी। अपने संबोधन में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शिक्षा समाज और देश के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव एवं नोडल अधिकारी आत्माराम साहू ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य अनिल पाल सहित शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुधाकर ने सभी अतिथियों पालकों शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन के संकल्प के साथ हुआ।

