Uncategorized

छात्रों के अथक प्रयास से रंगों में दिखी 25 साल की विकास यात्रा, खैरागढ़ में ‘संकल्प की रंगोली’ बनी आकर्षण का केंद्र

खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग-संकल्प की रंगोली’ का भव्य आयोजन नगर पालिका सांस्कृतिक भवन खैरागढ़ में किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार की गई विशाल रंगोली में पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा को रंगों, आकृतियों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से जीवंत रूप दिया गया। शिक्षा, अधोसंरचना, सामाजिक विकास, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को विषयवार आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया जो आयोजन स्थल पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जांजगीर लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े थी। अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा नन्द चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, वरिष्ठ नागरिक विशेषर साहू, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद विशाल रंगोली का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच के माध्यम से विकास के विभिन्न आयामों को रंगों में उकेरा। शिक्षा के विस्तार से लेकर अधोसंरचना, सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य विकास उपलब्धियों को अलग-अलग आकृतियों एवं रंग संयोजन के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि सांसद कमलेश जांगड़े ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता के माध्यम से विकास की तस्वीर को सुंदर और प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें, अपना लक्ष्य निर्धारित करें और डॉक्टर, इंजीनियर सहित अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि ‘संकल्प की रंगोली’ केवल रंगों की कलात्मक प्रस्तुति नहीं बल्कि सेवा, विकास और जनभागीदारी की भावना को अभिव्यक्त करने का माध्यम है। विद्यार्थियों ने 25 वर्षों की विकास यात्रा को जिस तरह रचनात्मक रूप दिया है वह उनकी प्रतिभा और सामाजिक सरोकार को दर्शाता है।

आयोजन के लिए उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को नोडल विभाग बनाया गया था। रंगोली का निर्माण रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़, नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ तथा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के संयुक्त प्रयास से किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने परिकल्पना से लेकर रंगोली के निर्माण तक सक्रिय सहभागिता निभाई। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ज्योति, यमुना यादव, तामेश्वरी साहू और धनेश्वरी ने सहभागिता अपनी सहभागिता दी साथ ही रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय से एमएससी जूलॉजी की छात्रा दिव्या ने योगदान दिया वहीं इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा राखी कुमारी, चित्रसेन साहू, गुलशन साहू, सौरभ साहू एवं रणवीर दयाल सहित अन्य विद्यार्थियों ने रंगोली निर्माण में अपनी भूमिका निभाई। समूचे आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्य ओपी गुप्ता और विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर (पेंटिंग विभाग) विकास चंद्रा के मार्गदर्शन में प्राध्यापक डॉ.नंदकुमार देवांगन, यशपाल जंघेल, मोनिका जत्ती, डॉ.मेधाविनी तुरे, दुर्वासा सिन्हा, मैथिली पटेल, सौम्या गुप्ता, माणिक चंद बंजारे, वर्षा साहू, वासु साहू, सौरभ साहू, शिखा जोशी, लक्ष्मीकांत साहू एवं कौशल साहू सहित तथा नगर पालिका के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस रचनात्मक पहल ने विकास की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ विद्यार्थियों को अपनी कला, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता प्रदर्शित करने का अवसर दिया। विशाल रंगोली ने सेवा, विकास और जनभागीदारी के संदेश को रंगों के माध्यम से प्रभावी रूप प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page