KCGटॉप न्यूज़

ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 से बदलेगा सेवा वितरण का ढांचा, पंचायत सचिवों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी तेज और जनसुलभ बनाने की दिशा में ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 के तहत ग्राम पंचायत सचिवों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने की। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सेवाओं का विस्तार होने से आम नागरिकों को अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समयबद्ध तरीके से प्रमाण पत्र एवं अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रशिक्षण के दौरान सचिवों को विवाह प्रमाण पत्र सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें आवेदन की जांच दस्तावेज अपलोड करने की विधि और निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के तरीके शामिल रहे। जनपद पंचायत छुईखदान के सचिवों को पोर्टल के संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) को सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई गई जिससे वे सीधे ऑनलाइन माध्यम से सेवाएं प्रदान कर सकें। तकनीकी सत्र में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथिलेश ठाकुर और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर पंकज सोलंकी ने पोर्टल के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने सचिवों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सुचारु संचालन के लिए जरूरी निर्देश भी दिए।अधिकारियों ने विश्वास जताया कि ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन से शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ तेजी से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। साथ ही सचिवों से अपेक्षा की गई कि वे गांव स्तर पर लोगों को ऑनलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करें और समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page