
अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी, सड़क, धरसा, महतारी सदन और बैंक सुविधा की मांग; विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद अभिषेक सिंह मंगलवार 1 सितंबर को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम खडौदाखुर्द जाते समय गंडई के विश्रामगृह पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठजनों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चाय पर चर्चा की। इस दौरान क्षेत्रीय समस्याओं विकास कार्यों और संगठनात्मक विषयों पर खुलकर संवाद हुआ। कार्यकर्ताओं ने तहसील और एसडीएम स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कई मामलों में उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता। बारिश से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में जी राम जी योजना के तहत धरसा विकास एवं सड़क निर्माण, टिकरीपारा मार्ग के सुधार तथा महतारी सदन निर्माण की मांग रखी गई। वहीं पैलीमेटा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने बैंकिंग सुविधा का मुद्दा उठाते हुए बताया कि किसानों को धान बिक्री की राशि के लिए साल्हेवारा जाना पड़ता है। उन्होंने पैलीमेटा में बैंक सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। अभिषेक सिंह ने समस्याओं पर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया है।
विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
अभिषेक सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र और संगठन से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को स्थानीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखना होगा। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक की सक्रियता पर भी सवाल उठाए। आरक्षक भर्ती की दूसरी चयन सूची जारी करने की मांग पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा इस मामले में हरसंभव प्रयास कर रहे हैं और समस्या का सार्थक समाधान निकलने की उम्मीद है। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए राशि की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि विकास के लिए विधायक की सक्रियता और समय पर मांगों को शासन के समक्ष रखना भी महत्वपूर्ण है। बारिश के बाद टेंडर एवं अन्य प्रक्रियाओं में तेजी आने से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। श्री सीमेंट प्लांट के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में स्थानीय लोगों की सहभागिता जरूरी है। सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है और इस विषय में भी सकारात्मक पहल की उम्मीद है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, गंडई मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, खम्हन ताम्रकार, राकेश जायसवाल, राजेश मेहता, राकेश ताम्रकार, टेकन देवांगन, विक्की अग्रवाल, राकेश टंडन, नारायण शर्मा, राजू जंघेल, रतन खांडेकर, उमा चौबे, आशा कुर्रे सहित गंडई एवं नर्मदा मंडल के भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

