Uncategorized

चतरेला जंगल में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, पुलिस ने शुरू की जांच

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के साल्हेवारा थाना क्षेत्र के चतरेला जंगल स्थित बंजारी मंदिर के आगे सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी अनुसार देवपुराधाट (थाना साल्हेवारा) निवासी सूचक राजू राम वर्मा (पिता शत्रुहन वर्मा, उम्र 37 वर्ष) ने डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। जांच के दौरान उसे मृत पाया गया। मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। उसका हुलिया इस प्रकार है– कद 5 फीट 2 इंच, रंग सांवला-काला, काले बाल, चेहरा चपटा, अधपकी दाढ़ी-मूंछ। मृतक ने नीले रंग का अंडरवियर पहना था जिस पर अंग्रेजी में R.K.G. लिखा हुआ है तथा गुलाबी रंग का गमछा भी पास में मिला। मृतक के शरीर पर अन्य कोई कपड़ा नहीं। आसपास क्षेत्र में परिजनों की तलाश की गई लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। थाना साल्हेवारा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 16/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों से अनुरोध किया है कि यदि कोई इस अज्ञात मृतक की पहचान कर सके तो तत्काल थाना साल्हेवारा को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page