Uncategorized

रजत महोत्सव पर सीएसपीडीसीएल ने उत्कृष्ट उपभोक्ताओं का किया सम्मान

सत्यमेव न्यूज उदयपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड उदयपुर के डीसी कार्यालय में रजत महोत्सव उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्युत क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राज्य गठन के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने अधोसंरचना विकास तथा उपभोक्ता सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। इसी क्रम में नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करने वाले विभिन्न श्रेणियों के पांच पांच उत्कृष्ट उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिलती है और विभाग व उपभोक्ताओं के बीच विश्वास मजबूत होता है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत नागरिक अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल में कमी ला सकते हैं तथा शासन की सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है जिससे ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण दोनों को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, जनपद सदस्य प्रतिनिधि नेहरू जंघेल, महामंत्री बलराम जंघेल, उदयपुर सरपंच रोशन मंडले, खपरी दरबार सरपंच लक्की नेताम, कार्यपालन अभियंता प्रोजेक्ट राजनांदगांव एम.के. साहू, सहायक अभियंता छुईखदान एम. विश्वकर्मा, कनिष्ठ अभियंता सी.एल. सिहारे, कनिष्ठ अभियंता अमन कुमार सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को बेहतर पारदर्शी और जनहितकारी सेवाएं प्रदान करने का संकल्प लिया है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page