KCG

ग्रामीण अंचलों में केबल व झटका तार चोरों का आतंक, किसानों में बढ़ी चिंता

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों केबल वायर और खेतों में लगाए गए झटका तारों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बार-बार हो रही चोरियों से किसान परेशान हैं और ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। किसानों का आरोप है कि रात के समय सक्रिय चोर गिरोह खेतों में पहुंचकर बिजली के केबल और झटका तार काटकर ले जा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए गए झटका तार चोरों के निशाने पर हैं। बीते कुछ महीनों में क्षेत्र के कई गांवों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में बुधवार रात ग्राम कृतबांस में तीन किसानों के खेतों से केबल वायर चोरी होने का मामला सामने आया। प्रभावित किसानों में ग्राम सरपंच भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि उनके खेत में यह तीसरी बार चोरी की घटना हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने कृतबांस बिरखा, कटंगी, लिमो, ढाबा और बूढ़ासागर सहित कई गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। कई किसानों के खेतों से दो से तीन बार तक केबल और तार चोरी हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों का अनुमान है कि चोरी करने वाले लोग पेशेवर हैं और उन्हें विद्युत लाइनों तथा कृषि उपकरणों की अच्छी जानकारी है। ग्राम कृतबांस निवासी दुखीन धुर्वे ने बताया कि लिमो स्थित उनके खेत से अब तक चार बार केबल वायर चोरी हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार विभिन्न गांवों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान करीब 30 से 40 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन अब तक चोरों का पता नहीं चल सका है।

लगातार हो रही चोरियों के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुख्य सड़कों पर तो पुलिस की मौजूदगी दिखाई देती है लेकिन खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त पर्याप्त नहीं होने से चोरों को मौका मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है ताकि किसानों को राहत मिल सके और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।

ग्रामीण क्षेत्रों में कई वर्षों से केबल वायर और झटका तार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कृतबांस, कटंगी, बिरखा, ढाबा और लिमो सहित कई गांव प्रभावित हैं। हाल ही में फिरन पटेल, राजाराम पटेल और मेरे खेत से भी केबल चोरी हुई है। पहले भी शिकायत की गई थी लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

अमन झारिया, सरपंच, ग्राम पंचायत कृतबांस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page