Uncategorized

गंडई के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 2.26 करोड़ के सात कार्यों का भूमिपूजन

गंडई-पंडरिया. नगर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में गुरुवार को गंडई में 2 करोड़ 26 लाख 62 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत सात विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सांसद संतोष पाण्डेय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इन कार्यों से पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन, मुक्तिधाम और सामाजिक-सांस्कृतिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि नगर की जर्जर सड़कों की समस्या पर स्पष्ट घोषणा नहीं होने से नागरिकों की अपेक्षाएं बनी हुई हैं। वार्ड क्रमांक 8 स्थित अंबेडकर पार्क के सामने आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पूजा-अर्चना और माल्यार्पण के साथ हुआ।

स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 1 में मुक्तिधाम विकास के लिए 49.41 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 5 में सांस्कृतिक भवन नवीनीकरण के लिए 9.96 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 11 में सार्वजनिक मंगल भवन की मरम्मत के लिए 15.22 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 14 में पानी टंकी निर्माण के लिए 42.55 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 15 में मरार समाज भवन की बाउंड्री निर्माण के लिए 5 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा पाइपलाइन विस्तार के लिए 49.03 लाख रुपये और एमआरएफ केंद्र के नवीनीकरण, मशीन स्थापना एवं कम्पोस्ट संयंत्र निर्माण के लिए 55.45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सांसद संतोष पाण्डेय ने गंडई के ऐतिहासिक व्यापारिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गंडई में लगभग 2,600 आवासों के निर्माण की जानकारी भी दी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने सड़क, सब्जी बाजार, बस स्टैंड एवं उद्यान के विकास की जरूरत भी बताई। सांसद संतोष पाण्डेय ने मंगल भवन निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। इस दौरान गंडई में नवोदय विद्यालय खोले जाने की जानकारी भी दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो ने नगर के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समन्वय के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने भी सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन निर्माण की मांग रखी।

नगर में विकास कार्यों के भूमिपूजन के बीच गंडई-पंडरिया मार्ग और मेन चौक से टिकरीपारा जाने वाली जर्जर सड़क का मुद्दा भी चर्चा में रहा। इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों और व्यापारियों का आवागमन होता है। सड़कों की खराब स्थिति से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्यक्रम में इनके सुधार को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं होने से नागरिकों को अब भी ठोस पहल का इंतजार है। स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि नई परियोजनाओं के साथ मौजूदा बुनियादी समस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाए।कार्यक्रम में पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजू जंघेल, सांसद प्रतिनिधि राकेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार, जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल, उमा चौबे, अंजलि देवांगन, धरमु पटेल, राकेश टंडन, जीवन दास रातरे, एल्डरमैन टेकन देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं नगरवासी उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी अविनाश देवांगन, अभियंता विक्रम कपूर, किंशुक यादव, महेंद्र कश्यप एवं कमल किशोर नेताम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page