KCG

खैरागढ़ में 12 जुलाई को होगी सूबेदार, एसआई व प्लाटून कमांडर भर्ती प्रारंभिक परीक्षा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की ओर से आयोजित सूबेदार सब इंस्पेक्टर एवं प्लाटून कमांडर भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई रविवार को खैरागढ़ में आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा का आयोजन रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ स्थित परीक्षा केंद्र क्रमांक 2901 में किया जाएगा। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में जिले के कुल 360 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में संपन्न होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे ने बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य मान्य मूल फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। उत्तर पुस्तिका में उत्तर अंकित करने के लिए केवल नीले या काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग किया जा सकेगा। आयोग के निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र में केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही प्रवेश मिलेगा। गहरे रंग के परिधान कार्गो पैंट डिजाइनर ड्रेस तथा महिलाओं के लिए पूर्ण बांह के वस्त्र और किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मोटे सोल वाले जूते या ऊंची हील के फुटवियर भी प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों को केवल साधारण चप्पल या पतले सोल वाली स्लीपर पहनकर आने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच मैन्युअल तलाशी पहचान पत्र का सत्यापन तथा फेस वेरिफिकेशन किया जाएगा। मोबाइल फोन स्मार्ट वॉच ब्लूटूथ डिवाइस कैलकुलेटर सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page