
खैरागढ़ में बेकाबू रफ्तार और बदहाल व्यवस्था से बढ़ रहा खतरा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर में तेज रफ्तार वाहनों और कमजोर यातायात प्रबंधन के कारण सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। मंगलवार शाम कलेक्टर कार्यालय के सामने हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर में मजदूरी करने वाले देवराजू कुर्रे (19) और रवि महिलांगे (21) ग्राम दामरी स्थित अपने मामा के घर एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। मंगलवार शाम दोनों युवक दोपहिया वाहन से खम्हरिया स्थित एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान कलेक्टर कार्यालय के समीप तेज रफ्तार महाराष्ट्र पासिंग अज्ञात कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रवि महिलांगे के सिर और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं जबकि देवराजू कुर्रे का चेहरा और जबड़ा बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद रवि की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

18 साल से बन रहा अधूरा बाईपास बन रहा बड़ी समस्या
शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए प्रस्तावित बाईपास का निर्माण पिछले लगभग 18 वर्षों से अधूरा पड़ा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बाईपास समय पर पूरा हो जाता तो भारी वाहनों की आवाजाही शहर के भीतर कम होती और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आती।
कलेक्ट्रेट के सामने ही सुरक्षा इंतजाम नदारद
जहां हादसा हुआ वह जिला मुख्यालय का महत्वपूर्ण क्षेत्र है लेकिन यहां सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। खतरनाक मोड़ होने के बावजूद न तो स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं और न ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था है।
लगातार हादसों से बढ़ने लगी है नागरिकों की चिंता
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इसी मार्ग पर एंबुलेंस की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों में सुधार नहीं हो पाया है वहीं मुख्य मार्गों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से यातायात प्रबंधन को मजबूत करने, स्पीड ब्रेकर लगाने और लंबे समय से लंबित बाईपास निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
