KCG

खैरागढ़ में आयोजित नेशनल लोक अदालत में 39 हजार से अधिक प्रकरणों का निराकरण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के मार्गदर्शन में तालुक विधिक सेवा समिति खैरागढ़ द्वारा शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। अदालत में पक्षकारों को भौतिक उपस्थिति के साथ साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी मामलों के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आकांक्षा खलखो अधिवक्तागण पैरालीगल वालंटियर्स और न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। नेशनल लोक अदालत में विभिन्न श्रेणियों के मामलों का आपसी सहमति से निराकरण किया गया।जिला एवं अपर सत्र न्यायालय में 10 मामलों का निपटारा किया गया जिसमें दावा प्रकरणों में 36 लाख 45 हजार रुपये तथा आर्बिट्रेशन मामलों में 38 लाख 79 हजार 487 रुपये की अवार्ड राशि पारित हुई। वहीं बीएसएनएल से जुड़े प्री-लिटिगेशन मामलों में भी समझौते कराए गए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में ट्रैफिक चालान के 532 मामलों का निराकरण कर 63 हजार 100 रुपये की राशि जमा कराई गई। इसके अलावा चेक बाउंस आपराधिक एवं अन्य प्रकरणों में भी पक्षकारों के बीच समझौता कराया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय में ट्रैफिक चालान क्रिमिनल कंपाउंडेबल चेक बाउंस तथा अन्य दीवानी मामलों का निराकरण किया गया। कई मामलों में राजीनामा होने से पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली। राजस्व न्यायालयों में भी बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों का निराकरण किया गया। कुल मिलाकर नेशनल लोक अदालत के दौरान 39 हजार 256 प्रकरणों का निपटारा हुआ और लगभग 3 करोड़ 46 लाख 56 हजार रुपये से अधिक की अवार्ड राशि पारित की गई। लोक अदालत को सफल बनाने में न्यायिक अधिकारियों कर्मचारियों पैरालीगल वालंटियर्स सुलहकर्ता अधिवक्ताओं एवं न्यायालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page