KCG

अघोषित बिजली कटौती से गंडई की जनता परेशान, बिल पूरा फिर भी नहीं मिल रही निर्बाध विद्युत सेवा

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। नगर में पिछले कुछ सप्ताह से जारी अघोषित बिजली कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। उमस भरी गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग पूरे महीने का बिजली बिल तो वसूल रहा है लेकिन उसके अनुरूप निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। नगरवासियों के अनुसार बिना किसी पूर्व सूचना के दिन और रात में कई बार बिजली बंद कर दी जाती है। कई मोहल्लों में प्रतिदिन चार से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इससे छोटे बच्चों बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और व्यापारियों को भी कारोबार में नुकसान झेलना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग अक्सर मेंटेनेंस या ट्रांसफार्मर में खराबी का हवाला देकर लंबे समय तक बिजली बंद रखता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर पूरा बिजली बिल सुरक्षा शुल्क और अन्य शुल्क जमा करने के बावजूद उन्हें नियमित बिजली नहीं मिल रही है। उनका सवाल है कि जब उपभोक्ता अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं तो विभाग गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित क्यों नहीं कर पा रहा है। विधायक प्रवक्ता अमित टंडन ने कहा कि एक ओर सरकार बिजली दरों में लगातार वृद्धि कर रही है वहीं दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गंडई विद्युत विभाग का हेल्पलाइन नंबर अधिकांश समय व्यस्त रहता है जिससे उपभोक्ता अपनी शिकायत भी दर्ज नहीं करा पाते। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में कनिष्ठ अभियंता से भी शिकायत की थी। बिजली कटौती के संबंध में सहायक अभियंता किरण जांगड़े से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं कनिष्ठ अभियंता हरि प्रसाद जंघेल से जानकारी लेने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इससे उपभोक्ताओं में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page