KCGटॉप न्यूज़

खैरागढ़ जिले में ‘ज़हर का कारोबार’ बेनकाब

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई चौंकाने वाले मामलों का खुलासा किया है। जिले के विभिन्न होटलों, किराना दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमों की खुलेआम अनदेखी, घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री, बिना लाइसेंस कारोबार तथा नकली ब्रांडिंग के मामले सामने आए हैं। लगातार मिल रही शिकायतों और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विभागीय टीम ने खैरागढ़, छुईखदान और गंडई क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान मेसर्स नटराज हाईवे होटल एवं ढाबा में खराब गुणवत्ता का पनीर बेचा जाना पाया गया वहीं मेसर्स सिन्हा होटल में निम्नस्तरीय पेड़ा ग्राहकों को परोसा जा रहा था। दोनों मामलों को गंभीर मानते हुए संबंधित संचालकों पर आर्थिक दंड लगाया गया।

जांच आगे बढ़ने पर कई दुकानें बिना वैध लाइसेंस या पंजीयन के खाद्य सामग्री बेचते मिलीं। इस पर मेसर्स सुभाष किराना स्टोर्स, मेसर्स सांखला अनाज भंडार तथा मेसर्स सन्नी किराना के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हजारों रुपये का जुर्माना लगाया गया। विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया है और खबर दी है कि नकली ब्रांडिंग से ग्राहकों को ठगा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान सबसे गंभीर मामला नकली ब्रांडिंग का सामने आया। मेसर्स ओम साईं किराना स्टोर्स में ‘पवन पसंद’ नाम से नमकीन बेचा जा रहा था जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इस मामले में विक्रेता के साथ उत्पादक इकाई मेसर्स पवन गृह उद्योग पर भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर ग्राहकों को भ्रमित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मेसर्स जैन किराना स्टोर्स, छुईखदान से टमाटर कैचप और आमचूर पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं मेसर्स तंबोली किराना स्टोर्स, खैरागढ़ से प्रतिबंधित गुटखा बिक्री के संदेह में 72 पैकेट गुटखा (करीब ₹9 हजार मूल्य) जब्त कर सीज किया गया। जब्त सामग्री विक्रेता की अभिरक्षा में रखी गई है।

खाद्य विभाग के अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के विरुद्ध और कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिले में मिलावट, घटिया गुणवत्ता, नकली ब्रांडिंग और बिना लाइसेंस कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को आमजन की सेहत की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page