KCG

खैरागढ़ के 20 वार्डों में विकास की तैयारी तेज, 3.85 करोड़ के निर्माण कार्यों के टेंडर जारी

खैरागढ़। शहर के सभी 20 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों को गति देने की दिशा में नगर पालिका ने बड़ा कदम उठाया है। आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले शहर में करीब 3 करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं। इन कार्यों में सीसी सड़क, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, डोमशेड, आहाता, मुक्तिधाम, स्कूल भवन, पचरी निर्माण और मरम्मत जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। दिवाली से पहले स्वीकृत इन कार्यों से शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है। नगर पालिका में नए अध्यक्ष एवं पार्षदों के लिए दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं। इससे पहले शहर के विभिन्न हिस्सों में अटके निर्माण कार्यों को पूरा कराने और नई विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए व्यापक स्तर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई है। जारी निर्देशों के अनुसार चुनाव से पहले निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।

नगर पालिका द्वारा जारी टेंडरों में वार्ड क्रमांक 1 से 20 तक सीसी सड़क, आरसीसी सड़क, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, डोमशेड और आहाता निर्माण सहित विभिन्न कार्यों के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। इसके अलावा पिपरिया वार्ड में मुक्तिधाम निर्माण के लिए 25 लाख 84 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।अधोसंरचना मद के तहत नाली एवं सड़क निर्माण के सात कार्यों के लिए 41 लाख रुपये तथा तीन सीसी सड़क निर्माण कार्यों के लिए 8 लाख 15 हजार रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। पार्षद निधि से विभिन्न सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण के लिए 4 लाख 75 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।

शहर के विकास कार्यों में शिक्षा और सामाजिक सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। पिपरिया स्कूल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा विभिन्न वार्डों में छह नालियों के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। इसी तरह वार्ड क्रमांक 11, 12 एवं 13 में नदियों में पचरी निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। अमलीपारा वार्ड में निर्माणाधीन सर्व समाज मांगलिक भवन में पेवर ब्लॉक लगाने के लिए अतिरिक्त 25 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति के बाद टेंडर जारी किए गए हैं।*लंबे इंतजार के बाद सांस्कृतिक भवन की सुध लेगी पालिका*शहरवासियों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में आने वाले नगर पालिका के सांस्कृतिक भवन की बदहाली दूर करने की भी तैयारी की गई है। भवन की मरम्मत एवं संधारण के लिए 12 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर जारी कर दिए गए हैं। निर्माण के बाद से ही भवन के रखरखाव की कमी के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खिड़कियों के टूटे शीशे, शौचालयों में टूट-फूट, खराब विद्युत व्यवस्था और रंगरोगन की कमी जैसी समस्याओं के कारण भवन की बुकिंग कराने वाले लोगों को असुविधा होती थी। अब मरम्मत एवं संधारण कार्य पूरा होने के बाद भवन की सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।

नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने कहा कि शहर के विकास के लिए पौने चार करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से शहर के सभी वार्डों में विकास की रफ्तार बढ़ेगी और इसका सीधा लाभ शहरवासियों को मिलेगा। नगर के प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page