
कार्तिक पूर्णिमा पर होगा पुण्यमयी आयोजन
इस साल भी श्रद्धा और आस्था का उमड़ेगा सैलाब
हजारों दीपों से जगमगाएगा महादेव घाट
सांस्कृतिक एकता का संगम बन रहा महादेव घाट
सत्यमेव न्यूज के लिए मनोहर सेन खैरागढ़। पवित्र कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 5 नवंबर को दाउचौरा स्थित महादेव घाट में भव्य गंगा आरती का आयोजन इस साल भी किया जाएगा जिसके लिए श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बीते दो वर्षों से परंपरागत रूप से हो रही यह आरती अब नगर की आस्था और भक्ति भावना के साथ संस्कृतिक पहचान बन चुकी है। इस वर्ष कार्यक्रम को और अधिक भव्यता देने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। लगभग माह भर पहले से महादेव घाट को सजाने और संवारने के लिए नगर पालिका के साथ आत्मनिर्भर खैरागढ़ की टीम ने मेहनत की है वही वार्ड वासियों ने भी घाट की स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा है। खासतौर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजानंद चंद्राकर ने स्वयं घाट में पहुंचकर श्रमदान किया है और घाट को सुरक्षित करने निर्माण सहित रंग रोगन आदि कार्यों में सहयोग प्रदान किया है। गंगा आरती आयोजन के संयोजक डॉ.अरुण भारद्वाज ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन से विशेष सहयोग लिया जा रहा है ताकि संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित और सुरक्षित रहे। नगर पालिका और समाजसेवी संगठनों के संयुक्त प्रयास से घाट परिसर की सफाई, रंग-रोगन और सजावट का कार्य पूरा कर लिया गया है।संध्या बेला में दीपों की रौशनी से सजा महादेव घाट एक मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेगा। गंगा आरती के पश्चात भजन संध्या का आयोजन होगा जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ कलाकारों की दुनिया संस्था के सदस्य भी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी भोज की व्यवस्था की गई है।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा बल्कि नगर की सांस्कृतिक एकता, सामूहिक श्रद्धा और सामाजिक समरसता का भी संदेश देगा।