
जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से मुलाकात के बाद कर्मचारी लौटे काम पर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। लंबे समय से चल रही समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों की हड़ताल अंततः समाप्त हो गई। कर्मचारियों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौटने का निर्णय लिया। हड़ताल खत्म होने से जिले के किसानों को फिर से सहकारी समितियों में सुगमता से सेवाएं मिल सकेंगी। जिपं उपाध्यक्ष से मुलाकात के बाद हुआ निर्णय हड़ताली समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों का प्रतिनिधिमंडल जिला संघ के जिलाध्यक्ष यशवंत वर्मा के नेतृत्व में उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से मिला। बैठक के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा। श्री सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिया कि उनकी समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। विस्तृत चर्चा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सामूहिक रूप से हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष यशवंत वर्मा ने बताया कि सभी प्रबंधक एवं ऑपरेटर तत्काल प्रभाव से अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटने के लिए सहमत हुए हैं। कलेक्टर और सहकारिता विभाग से की गई बातचीत मुलाकात के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने दूरभाष पर कलेक्टर और सहकारिता विभाग के सहायक संचालक से कर्मचारियों के इस निर्णय के संबंध में चर्चा की और आगे की प्रक्रियाओं पर बात की। हड़ताल समाप्त होने के साथ ही धान खरीदी सहित सहकारी समितियों में चल रहे सभी कार्य अब सुचारू रूप से शुरू हो सकेंगे। इससे किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अब देरी या असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।