अपराध

नक़ली शराब के आरोपों पर छत्तीसगढ़ में सियासत हुई तेज

सत्यमेव न्यूज़ राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में कथित नक़ली शराब के मुद्दे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब बिक्री को लेकर सिंडिकेट बनाकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सस्ती बियर के कैन पर महंगी बियर का स्टीकर लगाकर दुकानों में बेचा जा रहा है। साझा किए गए वीडियो में कैन के ऊपर लगे स्टीकर और अंदर मौजूद उत्पाद के अलग-अलग होने की बात कही गई है।

भूपेश बघेल ने कहा कि इस कथित गड़बड़ी की शुरुआत राजनांदगांव जिले से हुई है। उन्होंने इसे कमीशन, सेटिंग और संरक्षण का खेल बताते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए जनता के सामने तथ्य रखने चाहिए और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
इधर विपक्ष के आरोपों के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि राज्य सरकार की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page